प्रतिज्ञा यात्रा को मिल रहा अपार समर्थन, प्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार : कनिष्क
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर किसानों का पूरा कर्ज माफ करने और 20 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की प्रतिज्ञा यात्रा निकाल रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 31 अक्टूबर को गोरखपुर आ रही हैं। यात्रा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। ये बातें युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कनिष्क पांडेय ने कही।
कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के साथ बेरोजगारों, नौजवानों, किसानों एवं महिलाओं समेत समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिये पार्टी प्रतिबद्ध है। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी द्वारा घोषित सातों प्रतिज्ञाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यकर्ता जनता के मध्य कांग्रेस की नीतियों व घोषणाओं के साथ वचन हम निभाएंगे के वादे के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं। इससे पूर्व हुई बैठक में युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप ठकुराई ने कहा कि योगी सरकार की नीतियों से जनता परेशान है, कांग्रेस की विजय सेना उत्तर प्रदेश के पुराने गौरव व वैभव को दोबारा स्थापित करने के लिये प्रतिबद्ध है। यात्रा के प्रथम दिन में ही सरकार की नीतियों से परेशान जनता यात्रा को लेकर उत्साहित है। युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक मल्ल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वादा निभाया सदैव अपने दिए गए वचनों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से यात्रा को जनता का स्नेह व आशीर्वाद मिल रहा है उसे देख कर ये कह सकते हैं कि इस बार चुनाव का परिणाम कांग्रेस के पक्ष में होगा। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अरविंद शुक्ल ने कहा कि प्रियंका गांधी बेरोजगारी, हत्या, अपराध, दुष्कर्म व सत्ता प्रायोजित अपराधों के विरुद्ध जिस तरह न्याय के लिये संघर्ष पथ पर हैं उससे जनता का भरोसा कांग्रेस के साथ देखने को मिलने लगा है। इस दौरान प्रदेश संगठन सह प्रभारी वर्चस्व पांडेय, प्रदेश महासचिव सुमित पांडेय, प्रदेश सचिव दिव्यांशु पांडेय, अभिजीत तिवारी, युवा कांग्रेस जिला कार्यकारी सदस्य ऋषभ श्रीवास्तव, पप्पू, विक्की रिजवी, विशाल शुक्ल, राजेश चौधरी, राजेश श्रीवास्तव, मनोज आदि उपस्थित रहे।