आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर दर्ज होगा केस
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक भीष्म कुमार ने बुधवार को नगर के एक धर्मशाला में कस्बे के व्यापारियों और संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने पूर्व में चुनाव के दौरान की घटनाएं, विवाद, एक से अधिक मतदान स्थल की सुविधाओं के के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का किसी भी प्रकार से उल्लंघन न हो।
पर्यवेक्षक ने पूर्व के चुनावों के दौरान क्षेत्र में किसी प्रकार के विवाद सहित अन्य मुद्दों पर संवाद किया। उसके बाद उन्होंने कहा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित कोई भी शिकायत आती है तो तत्काल तहसील प्रशासन व पुलिस को सूचना दें। उस पर त्वरित करवाई की जाएगी। सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को पोस्टर और बैनर के साथ अन्य प्रकार के प्रचार आदि के लिए अनुमति लेनी जरूरी है। प्रचार व मतदान के दिन कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति के सभा नहीं होगी, न जुलूस निकाला जा सकेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि शांति पूर्वक मतदान में सहयोग करें और अधिक से अधिक लोग लोकतंत्र के इस माह पर्व में मतदान करें। चुनाव आयोग की ओर से लागू आचार संहिता का शत प्रतिशत पालन करें। जो भी इस नियम के विरुद्ध जाएगा, उसके खिलाफ चुनाव आयोग सख्ती से पेश आएगा। इस दौरान सीओ हरिश्चंद्र, शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष वेद प्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।