कांग्रेस प्रत्याशी पर आचार संहिता उल्लंघन का केस
सिद्धार्थनगर। इटवा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी पर पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार शाम बिना किसी अनुमति के करीब 25 गाड़ियों से इटवा कस्बे से जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
दो दिन पूर्व बसपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले नेता अरशद खुर्शीद को कांग्रेस ने इटवा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम साढ़े तीन बजे इटवा से बलुवा स्थित कार्यालय तक 25 गाड़ियों के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में तकरीबन 75 लोग शामिल थे।
यह जुलूस, प्रशासन की अनुमति के बिना निकाला गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद इटवा पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस संबंध में एसओ इटवा पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बिना किसी अनुमति के कांग्रेस प्रत्याशी अरशद खुर्शीद ने जुलूस निकाला था। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।