बेसिक शिक्षामंत्री पर आचार संहिता उल्लंघन का केस
सिद्धार्थनगर। बेसिक शिक्षामंत्री डॉ. सतीशचंद्र द्विवेदी पर आचार संहिता उल्लंघन के मामले में इटवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में क्षेत्र में मझौवा के पास चेकिंग के दौरान उनकी गाड़ी में बिना अनुमति के पोस्टर और हैंडबिल पकड़े जाने पर यह कार्रवाई की गई।
विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की टीम लगी है। आचार संहिता का उल्लंघन रोकने के लिए तहसील स्तर पर स्टेटिक और वीडियो सर्विलांस की टीम बनाई गई है। रविवार को एसडीएम इटवा, सीओ इटवा और एसओ इटवा की मौजूदगी में क्षेत्र के मझौवा चौराहे पर स्टेटिक मजिस्टे्रट अभिषेक मिश्र चेकिंग कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान एक वाहन आया। यह वाहन बेसिक शिक्षामंत्री डॉ. सतीशचंद्र द्विवेदी का था। चेकिंग में उसमें पोस्टर और हैंडबिल पाए गए। बिना अनुमति के वाहन को चलाया जा रहा था। स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने इटवा थाने में तहरीर देकर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज करवाया। इस संबंध में एसओ इटवा पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मझौवा में स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जांच में बिना अनुमति के वाहन पाया गया। उसके बाद आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया।