भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, सड़क जाम की
सिद्धार्थनगर। कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों के भारत बंद के आह्वान के समर्थन में जिले में भाकियू (अराजनैतिक) कार्यकर्ताओं ने कुछ जगहों पर प्रदर्शन कर जाम लगाया। कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन कर सिद्धार्थ तिराहा, रेलवे क्रासिंग, हायडिल तिराहा और कलेक्ट्रेट के सामने एनएच जाम किया। इसके बाद एडीएम सीताराम गुप्ता को ज्ञापन सौंप कृषि कानून वापस लेने की मांग की।
कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय, रामानंद गुप्ता के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं ने ओवरब्रिज से होकर शहर में प्रदर्शन करते हुए सिद्धार्थ तिराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। इसके बगल में रेलवे क्रासिंग के पास रेल ट्रैक पर कार्यकर्ता 15 मिनट तक जाम लगाकर बैठे रहे। यहां से नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए हायडिल तिराहे पर पहुंचकर 10 मिनट तक जाम लगाया। उसके बाद अशोक मार्ग होते हुए वापस कलेक्ट्रेट पहुंचकर एनएच जाम कर दिया।
यहां 25 मिनट तक एनएच जाम करने के दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम नौगढ़ विकास कश्यप और सीओ प्रदीप यादव ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर रास्ता जाम खाली कराया और कलेक्ट्रेट पहुंचाया। प्रदर्शनकारियों ने कृषि कानूनों को वापस लेने के साथ ही किसानों के समस्याओं के निदान की मांग की। उनका कहना था कि क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बांसी-धानी मार्ग के मरम्मत की मांग की। इस बीच प्रदर्शनकारी डीएम को ज्ञापन देने पर अड़े रहे।
उसके बाद मौके पर पहुंचे एडीएम सीताराम गुप्ता को कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निदान की मांग की। इस दौरान सूर्य प्रकाश चौधरी, महेंद्र चौधरी, राकेश, प्रदीप प्रधान, राघवेंद्र प्रसाद गुप्ता, लक्ष्मन, राजाराम लोधी, शंभू प्रसाद, अशोक कुमार, लक्ष्मी, संतोष कुमार वर्मा, मुनिराम गौड़, फूला देवी, इंद्रमती, शोभा, शांति आदि मौजूद रहे।