बिस्कोहर के युवक की रत्नागिरी में मौत
बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर)। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र की नगर पंचायत बिस्कोहर के युवक की महाराष्ट्र के रत्नागिरी में बृहस्पतिवार की रात को मौत हो गई। कमरे में छत के कुंड से फंदे से उसका लटका शव मिला। शुक्रवार सुबह युवक की मौत की खबर मिलने पर मोहल्ले में कोहराम मच गया।
बिस्कोहर निवासी सिराज (19) पुत्र वहाब राइनी महाराष्ट्र राज्य के रत्नागिरी में पांच माह पूर्व रोजगार के लिए गए थे। सिराज वहां पर पोकलेन चलाते थे। बृहस्पतिवार रात कमरे में छत के कुंडे के सहारे फंदे से उनका लटका शव मिला। आसपास रह रहे सिराज के परिचितों को इसकी खबर लगी तो उन लोगों ने महाराष्ट्र के नए गांव में रह रहे उनके भाई मेराज और रौवाब को इसकी जानकारी दी।
मेराज ने बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे सिराज की मौत की खबर अपने घर बिस्कोहर अपने पिता वहाब को मोबाइल फोन के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि भाई का शव कमरे के अंदर छत के कुंडे से लटका हुआ शव मिला। मौके पर पुलिस पहुंची थी। वहाब और उनके परिवार के सदस्यों को रोता देख मोहल्ले के लोग घर पर जुट गए।
वहाब राइनी ने बताया कि उनके छह बेटों व दो बेटी में सिराज तीसरे नंबर के थे। अभी किसी भी बच्चे की शादी नहीं हुई है। बाजार में सब्जी आदि बेच कर गुजारा कर रहे हैं। परिवार की माली हालत देखकर उनके दो बेटे पहले से ही नए गांव महाराष्ट्र में रहकर मजदूरी कर थे। करीब पांच माह पूर्व सिराज भी जिद करके गए थे।