दुकान में सेंध लगाकर लाखों का सामान चोरी
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के महदेवा नानकार के डोई चौराहे पर शुक्रवार की रात को चोरों ने दुकान में सेंध लगाकर बीस हजार नकदी, लैपटाप, मोबाइल फोन सहित लाखों का सामान उठा ले गए। दुकानदार को चोरी की जानकारी सुबह हुई तो उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के रमवापुर नानकार के रहने वाले विवेक कुमार गुप्ता महदेवा नानकार डोई चौराहे पर ग्राहक सेवा केंद्र व मोबाइल फोन व पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम को वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। शनिवार को जब विवेक दुकान को खोले तो चोरी की घटना की जानकारी हुई। उनकी दुकान में सेंध लगाकर अंदर रखे 20 हजार रुपये, लैपटॉप, 32 मोबाइल फोन, मोबाइल की 50 बैटरी, 25 पेन ड्राइव, 30 मेमोरी कार्ड आदि सहित सामान चुरा लिए गए थे। दुकानदार ने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर दी है।
सुबह दी तहरीर, शाम तक एसओ को घटना की जानकारी ही नहीं
मोबाइल की दुकान में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पीड़ित विवेक कुमार गुप्ता ने स्थानीय थाने में तहरीर दे दी, जबकि शाम चार बजे तक पुलिस को घटना के बारे में जानकारी ही नहीं थी। इस मामले में थानाध्यक्ष वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि चोरी की घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ हरिश्चंद्र ने भी कहा कि शोहरतगढ़ की दुकान में चोरी की घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में चोरों का सुराग लगाकर पकड़ेगी।