गिट्टी डालकर अधूरी छोड़ दी सड़क, बरसात में और बढ़ेगी दिक्कत
-शोहरतगढ़ में संतोरा से देवकलीगंज तक बनाई जानी है पांच किमी सड़क
गिट्टियों पर चलने में राहगीरों को हो रही कठिनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के संतोरा से देवकलीगंज होते हुए सेहुडा तक जाने वाली पांच किमी संपर्क मार्ग की मरम्मत में ठेकेदारों की लापरवाही से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। इस सड़क में पांच माह पहले गिट्टियां डालकर छोड़ दी गईं, लेकिन अब तक सड़क पर तारकोल डालने का काम शुरू नहीं हुआ है। गर्मी में सड़क नहीं बनाई गई, जबकि बरसात शुरू होने पर लोगों की समस्याएं और बढ़ जाएगी।
संतोरा नहर से देवकलीगंज होते हुए सेहुडा तक जाने वाली पांच किमी संपर्क मार्ग का कार्य त्वरित विकास योजना के अंतर्गत होना है। क्षेत्र के जगरगठिया, कनुवाडीह, हतवा, बेलगडा, चिमठी, टेडिया, बभनी, भावपुर, दुवेडीह, सहिजनवा चौराहा सहित कई गांवों के लोग इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इसी क्षेत्र के लोगों ने सड़क की मरम्मत के लिए शिकायत की है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ। क्षेत्र के संतोरा गांव के प्रधान शिवलाल ने बताया कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद भी सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की जा रही है। अधूरी सड़क के कारण बरसात में लोगों की दिक्कत बढ़ जाएगी। लोक निर्माण विभाग के जेई लालचंद्र पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए ठेकेदार से बात की गई है, जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
सड़क की मरम्मत के लिए गिराई गईं गिट्टियों पर फिसलकर लोग गिर जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से ये परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रामानंद संतोरा
इस संपर्क मार्ग से जन प्रतिनिधियों का आना-जाना हमेशा लगा रहता है मगर किसी ने इस सड़क के प्रति ध्यान नहीं दिया। क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रीनेवास, संतोरा
इस पांच किलोमीटर सड़क के निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर ठेकेदार ने सड़क में गिट्टी डालकर छोड़ दिया है। गिट्टी पर वाहन के फिसलकर गिरने से लोग घायल हो रहे हैं।
धीरेंद्र संतोरा
संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने के लिए स्थानीय लोग कह चुके हैं, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इस मार्ग से चार पहिया एवं दो पहिया वाहन को लेकर आना जाना कठिन हो गया है।
धर्मेंद्र, संतोरा