चुनाव के आखिरी वक्त में प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
परिजन भी सुबह से शाम तक बहा रहे पसीना
बांसी (सिद्धार्थनगर)। जैसे, जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे ही प्रत्याशी चुनाव परिणाम को अपने पक्ष में करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे है। बांसी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव जिताने के लिए प्रत्याशियों के परिजन अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कहीं पुत्र तो कहीं पत्नी व भाई, बहन कमान संभाले हुए हैं।
भाजपा प्रत्याशी जय प्रताप सिंह के दोनों पुत्र अलग-अलग टीम बनाकर सुबह ही क्षेत्र में निकल जाते हैं और गांव-गांव घर-घर जाकर अपने पिता के लिए वोट मांग रहे हैं। सपा प्रत्याशी मोनू दूबे की पत्नी जिला पंचायत सदस्य अंकिता दूबे क्षेत्र में महिलाओं के बीच जाकर अपने पति के लिए वोट मांग रही हैं तो भाई संदीप दूबे टोली बनाकर सुबह क्षेत्र में निकल पढ़ते और घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं।
बसपा प्रत्याशी राधेश्याम पांडेय की पत्नी शैला पांडेय भी महिलाओं के बीच पहुंचकर वोट देने की अपील कर रही हैं, प्रत्याशी के अलावा उनकी पत्नी भी क्षेत्र में सक्रिय हैं।
इसी तरह कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी किरन शुक्ला के पुत्र अमन शुक्ला ने कमान संभाल लिया है। वह सुबह कार्यालय पहुंचकर प्रचार वाहनों को रवाना कर क्षेत्र में अपनी मां के लिए वोट मांगने निकल पड़ते हैं। हालत यह है कि सभी प्रत्याशियों के परिजन क्षेत्र में घूमकर अपने सगे संबंधी के पक्ष में माहौल बनाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं।