प्रशासन ने जमीन को कब्जा से मुक्त कराया
लोटन। मुड़ली गांव में राजस्व और पुलिस महकमे की संयुक्त टीम ने शनिवार को सरकारी ताल की जमीन पर वर्षों से चले आ रहे कब्जे को हटवा दिया। इस पर गांव के कई लोग खेती कर रहे थे। कब्जा करने वालों को चेतावनी भी दी गई कि अगर दोबारा ऐसा किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार आरआर रमन ने बताया कि शासन के निर्देश पर पौधरोपण के लिए जमीन की खोज थी। राजस्व विभाग की टीम ने मुड़ली गांव के दक्षिण ताल में पैमाइश कर वन विभाग को कार्रवाई करने के बाद सौंप दिया। जमीन पर लोग कब्जा कर खेती कर रहे थे। वन विभाग की टीम जब मौके पर गई तो कब्जाधारकों ने पौधा लगाने से मना कर दिया।
वन विभाग से सूचना मिलने के बाद उप जिलाधिकारी ने टीम भेजने के लिए निर्देश दिए। कोतवाली लोटन प्रभारी निरीक्षक देवनंदन उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक अंबरीश, लेखपाल विनोद कुमार प्रजापति सहित कई लेखपालों की टीम बनाकर पैमाइश कराई गई। उसके बाद कब्जा हटवाया गया।