बांसी (सिद्धार्थनगर)। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के खिरिया गांव में एक सियार ने शुक्रवार सुबह 13 ग्रामीणों और 11 पशुओं को काटकर घायल कर दिया। घायलों का बांसी पीएचसी में उपचार करवाया गया। इस बीच नाराज ग्रामीणों ने सियार को लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला।
क्षेत्र के खिरिया गांव में शुक्रवार की सुबह दस बजे एक पागल सियार घुस आया। जबतक गांव के लोग कुछ समझ पाते सियार 13 व्यक्तियों व 11 पशुओं का काटकर घायल कर चुका था। सियार के जानलेवा हमले से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सियार को लाठी डंडे से पीटकर मार डाला। घायल लल्लन दुबे, नारद दुबे, गौरीशंकर पांडेय, चनरा, राम बहाल, लाले, शिवनाथ, मुन्नी देवी, मंजू, आत्माराम, सरिता, शांति व सवारे को उपचार के लिए पीएचसी भेजा गया। वहीं घायल पांच गाय व छह बकरी का भी उपचार कराया गया।