बीस हजार युवाओं को रोजगार का इंतजार
-सेवायोजन कार्यालय में युवाओं ने रोजगार के लिए कराया है पंजीयन
-वर्ष 2021 में रोजगार मेले के माध्यम से 650 युवाओं को दिया गया रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय में पंजीयन कराने वाले 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार का इंतजार है। पंजीयन कराने के बाद वे कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन 2-3 साल बाद भी रोजगार की उम्मीद पूरी नहीं हुई है। हालांकि रोजगार मेला के माध्यम के वर्ष 2021 में 650 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने की पहल की गई है।
जिले में वर्ष 2017 के बाद हर वर्ष जिला सेवायोजन कार्यालय में पंजीयन कराने वाले युवक-युवतियों की संख्या बढ़ रही है, जबकि बहुत युवाओं को ही रोजगार मिल पा रहा है। जिले में 20637 युवा सक्रिय हैं, जो रोजगार के लिए सेवायोजन कार्यालय का अक्सर चक्कर काटते हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि
रोजगार में साक्षात्कार में योग्य पाए जाने वाले बच्चों का चयन किया जाता है। पोटर्ल में तीन गुना आवेदन बंद होने के कारण आवेदक वंचित होते हैं। इस मामले में उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है।
पोर्टल से ही वंचित हो जाते हैं आवेदक
युवक राजेश कुुमार, चंद्र प्रकाश शुक्ल, रीतिका ने बताया कि सेवायोजन के पोर्टल पर जो विज्ञापन अपलोड होता है, उसमें स्थानीय युवक आवेदन से ही वंचित हो जाते हैं। सेवायोजन पोर्टल में नियम है कि तीन गुना आवेदक होंगे तो पोर्टल स्वत: लॉक हो जाएगा। जहां इंटरनेट की स्पीड अच्छी होती हैं, वहीं के युवक आवेदन अपलोड कर पाते हैं। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग के जरिए होने वाली नियुक्तियों में स्थानीय बेरोजगारों को आवेदन का अवसर ही नहीं मिला। इसी प्रकार सुशील कुमार ने आशंका जताई कि मेडिकल कॉलेज की नियुक्ति के दौरान साइट हैक हुई होगी, क्योंकि लैपटॉप लेकर प्रयास करते रहे, लेकिन आवेदन नहीं हो सका।
----
वर्ष - पंजीयन- रोजगार मेला में मिला रोजगार
2017- 1470- 141
2018- 2106- 1040
2019- 2325- 754
2020- 1708- 927
2021- 6846- 650
------------