यूपी के गोरखपुर में उरुवा के बेलासपुर में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। फायरिंग में एक किशोर की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बेलासपुर गांव के रामानंद उर्फ नन्दू का उरुवा के रामनाथ रावत से विवाद चल रहा है। रामनाथ कैम्पियरगंज थाने में मुंशी हैं। पहले वह उरुवा में तैनात थे।
शुक्रवार की शाम रामानंद की पत्नी लक्ष्मी का रामनाथ रावत के रिश्तेदार हृदय से कहासुनी हो गई। आरोप है कि हृदय ने लक्ष्मी की पिटाई कर दी।
उरुवा थाने में होमगार्ड हृदय की हरकत से गुस्साए गांव के लोगों ने उसे दौड़ा लिया। वह भागकर रामनाथ रावत के घर चला गया। रामानंद पक्ष के लोग और गांव वाले वहां पहुंच गए।
आरोप है कि गांव वालों को हमलावर समझकर रामनाथ रावत के बेटे चंदन, होमगार्ड हृदय समेत चार युवकों ने छत पर चढ़कर फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी में बेलासपुर गांव के बलिकरन के बेटे अमरनाथ (13) की मौत हो गई। जबकि परशुराम के बेटे रोशन (14), विंध्याचल की बेटी सुधा (18), स्व.राधेश्याम का बेटा उमेश (22), भभूती की बेटी सीमा (25), जय प्रकाश की बेटी प्रीति (16), शंभू की पत्नी परमशीला (35) और सोमनाथ का बेटा पवन (18) घायल हो गए।
उरुवा थाने के दरोगा एके राय मौके पर पहुंचे तो गुस्साए गांव वालों ने उन्हें पीटकर भगा दिया। भीड़ ने उरुवा थाने की सरकारी जीप में आग लगा दी।
घटना के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सातों घायलों ने जिला अस्पताल भेज दिया।
मौके पर पहुंचे एसएसपी, एसपीआर ने पूछताछ की। आरोपियों की तलाश में देर रात तक दबिश चलती रही।