श्रावस्ती। जिले में सोमवार को साप्ताहिक बंदी का आदेश होने के बाद भी भिनगा में दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहीं। ऐसे में बुधवार इकौना में होने वाली साप्ताहिक बंदी पर भी संशय है। जिला प्रशासन के तमाम आदेश व निर्देश के बाद भी भिनगा व इकौना नगर में साप्ताहिक बंदी नहीं हो रही है। प्रशासन ने कई बार सख्ती दिखाई पर व्यापारी मानने को तैयार नहीं है।
विगत माह डीएम कृतिका शर्मा ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को भिनगा व इकौना में साप्ताहिक बंदी के आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद दुकानों में काम करने वाले श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश की उम्मीद थी। लेकिन आदेश का अनुपालन न होने से उन्हें अवकाश में भी काम करना पड़ा। भिनगा में काम कर रहे प्रमोद का कहना था कि पत्नी को इलाज के लिए बहराइच ले जाना था। लेकिन छुट्टी नहीं मिली। वहीं दयाराम ने बताया कि साप्ताहिक बंदी में एक दिन अतिरिक्त रूप से कहीं मजदूरी करूं तो 300 रुपये के हिसाब से माह में 1200-1500 रुपये मिल जाते। जिससे कुछ जरूरी काम निपट जाता। लेकिन ऐसा न होने से नुकसान हो रहा है। ऐसा ही कहना कुछ अन्य श्रमिकों को भी है। जो बुधवार इकौना में होने वाली साप्ताहिक बंदी को लेकर असमंजस में हैं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि व्यापारियों के साथ बैठक कर साप्ताहिक बंदी के लिए उन्हें प्रेरित किया जाएगा।