भिनगा के अलक्षेंद्र इंटर कालेज में मदताता जागरुकता कार्यक्रम के तहत आयोजित हुई पोस्टर प्रतियोग?
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। स्वीप की ओर से शनिवार को भिनगा के अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज में निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों ने विभिन्न स्लोगनों व चित्रों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। इस दौरान विजयी प्रतिभागियों को बीएसए ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सिस्टेमेटिक वोटर एजूकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन द्वारा आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के दौरान जिला बेसिक शिक्षाधिकारी प्रभुराम चौहान ने कहा कि मतदान करना हमारा राष्ट्रीय धर्म है। हमारा एक वोट लोकतंत्र को मजबूत सरकार दे सकता है। इसलिए हमें जाति धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मतदान करना चाहिए। सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने कहा कि अक्सर ऐसा देखा जाता है कि मतदाता मतदान में जाति धर्म क्षेत्र व भाई भतीजावाद को ही महत्व देते हैं। वहीं तमाम लोग मतदान में किसी प्रकार की रुचि नहीं दिखाते। ऐसे में हम सभी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए ‘तोड़ो निद्रा, छोड़ो आलस्य आओ हम सब वोट डालकर आएं’ के स्लोगन के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्योति प्रकाश पांडे ने कहा कि आज सभी धर्म के लोग अपने-अपने त्योहार मनाते हैं। ऐसे में अखंड भारत के महापर्व मतदान के लिए सभी धर्मों के लोगों को एकजुट होकर मतदान करना होगा। क्योंकि आपका एक वोट लोकतंत्र की तकदीर बदल सकता है। इस दौरान निबंध व चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में अमन श्रीवास्तव प्रथम, अंजलि द्वितीय एवं नाजनीन तृतीय स्थान पर रही। वहीं चित्र प्रतियोगिता में नैना सोनी प्रथम, रिंकी सोनी द्वितीय एवं आयुषी गौड़ तृतीय स्थान पर रहीं। जिन्हें बीएसए ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।