आपातकाल में ग्रामीणों को तत्काल मिल सकेगी सूचना, सीमा से सटे गांवों में घुसपैठियों पर रखेगा नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। गांवों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा के साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएसी) लगाया जाएगा। इसकी मंजूरी मिल गई है। इस सिस्टम के लगाने के बाद ग्रामीणों को आपात कालीन सूचनाओं की जानकारी तत्काल मिल सकेगी। इसके साथ ही अधिकारी ग्रामीणों को घर बैठे ही संबोधित कर सकेंगे।
भारत-नेपाल से सटे इस जिले में घुसपैठियों पर अब नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे गांवों में आने व जाने के सभी मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, दुकानों व मंदिर सहित उन स्थानों पर लगाए जाएंगे जहां लोग किसी न किसी रूप में एकत्र होते हैं। इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाया जाएगा। इसके लिए गांव के ऊंचे स्थान जैसे हाईमास्ट लाइट के ऊपर व अलग से पिलर खड़ा कर माइक लगाए जाएंगे।
इसका पूरा सिस्टम पंचायत भवन व गांव के किसी संभ्रांत व्यक्ति के घर में लगेगा। इसी के साथ इस सीसीटीवी का आईपी एड्रेस स्थानीय थाने, ब्लाॅक व जिला मुख्यालय पर होगा। ताकि गांव में आने-जाने वाले लोगों को देखा जा सके।
इसके सा थ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग त्वरित सूचना प्रसारण के लिए किया जाएगा। इसके लिए गांव के प्रधान व संभ्रांत लोगों का मोबाइल नंबर सूचीबद्ध होगा। ऐसे में यदि किसी सूचना का प्रसारण करना है तो इस पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर रिकाॅर्ड व बोल कर सूचना प्रसारित कर दी जाएगी। ताकि लोगों को घर बैठे सूचनाएं मिल सकें।
डीपीआरओ नंदलाल ने बताया कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग योजनाओं की सूचना देने व भूकंप सहित अन्य आपदाओं की सूचना देने में किया जाएगा। इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा यदि कोई सूचना प्रसारित की जानी है, तो उसकी सूचना भी प्रसारित कराई जाएगी। ताकि सभी व्यक्ति उसे घर बैठे सुन सकें। सीसीटीवी कैमरा व पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने के लिए कार्य योजना तैयार है। जल्द ही इसे जमीन पर उतारा जाएगा।