तुलसीपुर (श्रावस्ती)। गौसपुर स्थित पोखरा धाम कुट्टी मंदिर पर पंद्रह वर्ष से रह रहे पुजारी का शव सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में तालाब से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने पंचनामा भरकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के गौसपुर स्थिति पोखरा धाम कुट्टी पर सोनवा थाना क्षेत्र के गौसपुर निवासी ध्रुप कुमार (38) पुत्र छोटे लाल पंद्रह वर्ष से रह रहे थे। छह वर्ष पूर्व बाराबंकी के बदोसराय थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी रामबक्स दास भी आकर रहने लगे थे। रविवार रात दोनों कुट्टी पर सो रहे थे। सोमवार सुबह पुजारी ध्रुव कुमार कुट्टी से गायब थे। ग्रामीणों ने खोजबीन की तो शव तालाब में मिला। तालाब के पास सीढ़ी पर ध्रुव कुमार की टॉर्च व चप्पल रखी थी। चेहरे पर चोट के निशान थे। मृतक की मां रामदेई की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने पंचनामा कर शव परिवारीजनों को सौंप दिया है।