श्रावस्ती। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर 18 से 23 अप्रैल के मध्य ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य सहित अन्य विभाग सहयोग करेंगे। इसमें आम लोगों को उन्हीं के गांवों में स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
ब्लॉकों में आयोजित होने वाले मेले के बारे में अधिक जानकारी देते हुए सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि यह मेला जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित होगा। इसके माध्यम से मरीजों को एक ही छत के नीचे मातृ शिशु कल्याण, टीकाकरण, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर संचारी रोगों से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। रोगों की शीघ्र पहचान के लिए स्क्रीनिंग, परीक्षण, औषधि एवं जांच सुविधा के साथ आवश्यकता के अनुसार संबंधित विशेषज्ञ से टेली कंसलटेंसी प्रदान की जाएगी।
मेले में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड भी बनवा सकते हैं। मेले में शामिल होने वालों के लिए डिजिटल स्वास्थ्य आईकार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मेले में ओपीडी के अतिरिक्त नेत्ररोग, बधिरता एवं ओरल हेल्थ संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श व टेली कंसल्टेंसी, ई-संजीवनी की सेवाएं भी विभाग द्वारा दी जाएंगी। आयुष विभाग के चिकित्सक व कर्मचारी स्टाल लगाकर लोगों को आयुष-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, योग, औषधीय पौधे आदि के बारे में जानकारी देंगे। लोगों को घरेलू पद्धति से उपचार के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त अन्य विभाग भी इस मेले में स्टाल लगाएंगे। मेले के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक लोग प्रतिभाग कर सकें। महिला एवं बाल विकास द्वारा विभाग द्वारा स्टाल लगाकर पोषण अभियान, टेक होम राशन, कुपोषण आदि के संबंध में जानकारी दी जायेगी।
मेलों का आयोजन ब्लॉक मुख्यालय पर किया जाएगा। 18 अप्रैल को इकौना, 19 अप्रैल को गिलौला, 20 अप्रैल को हरिहरपुररानी, 21 अप्रैल को मल्हीपुर और 22 अप्रैल को सिरसिया ब्लॉक पर मेलों का आयोजन किया जाएगा।
मेले में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण एवं शहरी विकास विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग का भी सहयोग रहेगा।