श्रावस्ती। अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर गुरुवार को शहीद फायर अग्निशमन को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ भी हुआ। इस दौरान सीओ सिटी सहित अग्निशमन कर्मियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अग्निशमन केंद्र भिनगा में गुरुवार को अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अतुल कुमार चौबे ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही 20 अप्रैल तक चलने वाला अग्नि सुरक्षा सप्ताह भी प्रारंभ हो गया। इस दौरान अग्निशमन कर्मचारियों द्वारा कस्बा, क्षेत्र व गांवों में जाकर जनमानस को आग से सुरक्षा एवं बचाव के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया जाएगा। साथ ही कोरोना-वायरस से सुरक्षा एवं बचाव के दृष्टिगत सामाजिक दूरी का पूर्णतया पालन करते हुए लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि यह स्मृति दिवस 14 अप्रैल 1944 में मुंबई डॉकयार्ड के विक्टोरिया बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज एसएस फोर्ट स्टिकिन में लगी भीषण आग की याद में मनाया जाता है। आग को बुझाते समय जहाज में विस्फोटक सामग्री होने के कारण 66 अग्निशमन कर्मी आग की चपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए थे। इन बहादुर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन दिवस मनाया जाता है। इस दौरान प्रभारी फायर सर्विस वीरेंद्र प्रसाद सहित सभी अग्निशमन कर्मी मौजूद रहे।