श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में गुरुवार को थानों में तैनात पैरोकारों के साथ बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता करते हुए एसपी ने आरोपियों को सजा दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
पुलिस कार्यालय सभागार कक्ष में गुरुवार को सभी थानों पर तैनात पैरोकारों के साथ पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बैठक की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी समस्याओं को सुना गया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बताया कि न्यायालय से जो समन निर्गत किए जाते हैं, उनका समय से तामीला हो। जितने गवाह न्यायालय में पेश किए जाने हैं, उन्हें समय से न्यायालय में पेश कराया जाए। इसके अलावा न्यायालय से अन्य जो भी आदेश निर्गत किए जाते हैं, उनका अनुपालन समय से सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक प्रभावी पैरवी करके प्रकरणों में सजा दिलाया जाए। ऑपरेशन शिकंजा के तहत आरोपियों को सजा दिलाने का विशेष अभियान चलाया जाए। न्यायालय से जो भी आदेश/निर्देश निर्गत होते हैं, उनका कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। साथ ही साथ चार्जशीट समय से न्यायालय में दाखिल करने का निर्देश दिया। इस दौरान उप निरीक्षक अजय कुमार, उप निरीक्षक जेपी सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।