जमुनहा(श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासिनी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिसका परिवारीजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। एडीएम के निर्देश पर शुक्रवार को गांव पहुंची पुलिस ने कब्र से शव को बाहर निकलवाया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनहा भवनियापुर के मजरा फत्तेपुर निवासनी शेहराबानो (27) पत्नी हाशिम अली की ग्यारह माह पूर्व इलाज के दौरान संदिग्ध हालत मे मौत हो गई थी। जिसकी मौत के बाद परिवारीजनो ने मृतका का मुस्लिम रीति रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया था। अंतिम संस्कार के करीब एक माह बाद मृतका की मां शाहजहां पत्नी अख्तर अली निवासी बहबोलिया महादा थाना रिसिया जिला बहराइच ने उच्चाधिकारियों को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री की हत्या की गई थी। जिस पर अपर जिला मजिस्ट्रेट कमलेश चंद्र बाजपेई के निर्देश पर शुक्रवार को प्रभारी निरिक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने नायब तहसीलदार डा. अवनीश कुमार की मौजूदगी मे कब्र को खुदवा कर शव को बाहर निकलवाया। जिसका पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक का कहना था कि परिवारीजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।