श्रावस्ती। तराई में माह के अंत तक मानसून के पहुंचने की आहट के साथ ही प्रशासन बाढ़ से निबटने की तैयारियों में जुट गया है। इसके चलते ही शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम कृतिका शर्मा ने इससे जुड़े कार्यों की समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने बीते वर्ष में बाढ़ प्रभावित इलाकों को देखते हुए इससे निबटने की प्रभावी कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग संभावित बाढ़ व अतिवृष्टि को देखते हुए इससे निपटने की कार्य योजना समय रहते तैयार कर लें। ताकि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल राहत व सहायता मुहैया करायी जा सके। कहा कि विगत वर्षो में आई बाढ़ के दौरान कितने क्यूसेक पानी आया। उसी के आधार पर राहत व बचाव कार्य की तैयारी करें। जिन बंधों एवं स्पर का मरम्मत कार्य चल रहा है, उसे संबंधित अधिशासी अभियंता युद्ध स्तर पर कार्य कर बरसात से पहले पूरा कराए।
कहा कि सभी एसडीएम बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांव में राहत शिविर स्थापना, अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती, नाव, नाविक की सूची, ब्लाक एवं ग्राम आपदा प्रबंधन समिति का गठन, जीवनरक्षक उपकरण, मोटर बोट, बाढ़ चौकियों, नाव, गोताखोर आदि की व्यवस्था पहले से ही कर उसका भौतिक सत्यापन कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार वर्मा, इकौना , जमुनहा व भिनगा के एसडीएम के साथ ही सीएमओ व सीवीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद