श्रावस्ती। जिले के 545 मतदान केंद्रों की आनलाइन निगरानी कराई जाएगी। जहां वेबकॉस्टिंग होगी। इसके लिए गुरुवार को कंप्यूटर आपरेटरों को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया गया। इस दौरान ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित नामित कंपनी के अधिकारी द्वारा कंप्यूटर आपरेटरों को वेब कॉस्टिंग की बारीकियों के बारे में जानकारी दी गई।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इस बार जिले की 545 बूथों पर वेब-कॉस्टिंग कराई जाएगी। जिसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वेब कॉस्टिंग के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा एजेंसी को नामित किया गया है। गुरुवार को प्रेक्षक व डीएम नेहा प्रकाश के निर्देश पर उपजिलाधिकारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में कंप्यूटर आपरेटरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया गया। इसका संचालन ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव ने किया।
इस दौरान नामित कंपनी के अधिकारी शारिक व उनके सहयोगी आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र द्वारा प्रशिक्षुओं को कैमरा इंस्टालेशन, एंगल, संचार व संचालन का प्रशिक्षण दिया गया । इस बार वेब-कॉस्टिंग में वीडियो के अलावा ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की गई है। विधानसभा चुनाव में 289 भिनगा में 257 बूथ व 290 श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के 288 बूथों की वेब-कॉस्टिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही उन सभी बूथों पर जहां वेब-कॉस्टिंग होनी है। वहां पर विभिन्न चरणों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। पहला ट्रायल 25 फरवरी व द्वितीय ट्रायल 26 फरवरी किया जाएगा। इसके लिए कलेक्ट्रेट में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जहां 27 फरवरी को सुचारु रूप से वेब-कॉस्टिंग की निगरानी की जाएगी।