जमुनहा(श्रावस्ती)। लक्ष्मनपुर गंगापुर के मजरा लक्ष्मनपुर निवासिनी एक विवाहिता की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने पति, सास व ससुर के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
बहराइच के थाना कोतवाली नानपारा अंतर्गत पकरा देवरिया निवासी ओम प्रकाश वर्मा पुत्र अंबर लाल वर्मा ने अपनी बहन नंदनी वर्मा (25) का विवाह 13 मई 2021 को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर गंगापुर का मजरा लक्ष्मनपुर निवासी अंकित वर्मा के साथ किया था। जिसकी बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद लक्ष्मनपुर पहुंचे ओम प्रकाश ने मृतका के पति अंकित वर्मा, ससुर ओमकार नाथ वर्मा व सास अनीता वर्मा पर दहेज के लिए अपनी बहन की गला दबा कर हत्या का आरोप लगाते हुए मल्हीपुर पुलिस को शिकायत किया।
शिकायत के बाद गांव पहुंची पुलिस ने एसडीएम सौरभ शुक्ला व तहसीलदार अहमद फरीद खान की उपस्थिति में लाश का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति अंकित वर्मा, ससुर ओमकार नाथ वर्मा व सास अनीता वर्मा पर दहेज हत्या का मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। (संवाद)