श्रावस्ती। भिनगा में उद्योग विभाग के सामने बने निर्बल आवास के एक घर में शनिवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। परिवारीजन जब तक बचाने का प्रयास करते आग की चपेट में आने से एक महिला व एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। जिन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया है।
भिनगा कोतवाली अंतर्गत उद्यान विभाग के सामने बने निर्बल आवास में गुड्डू अपने परिवार के साथ रहता था। शनिवार को गुड्डू की बहू आबिदा (22) पत्नी बबलू खाना बना रही थीं। इस दौरान उनके साथ सना (18) पुत्री गुडू भी मौजूद थी। गैस सिलेंडर में लीकेज होने के कारण अचानक उसमें आग लग गई। जब तक परिवारी जन कुछ कर पाते आबिदा व सना गंभीर रूप से झुलस गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू किया। वहीं गंभीर रूप से झुलसी आबिदा व सना को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। इस अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये के क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। (संवाद)