श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को डीएम नेहा प्रकाश ने जल जीवन मिशन (हर घर नल योजना) की समीक्षा बैठक की। डीएम ने कहा कि जन-जन को स्वस्थ रहने के लिए शुद्ध पेयजल जरूरी है। लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया होगा तो निश्चित ही वह सेहतमंद रहेंगे। इसके लिए जिले के 148 ग्राम पंचायतों में पेयजल योजना का प्रस्ताव भेजा जाना था। इसमें से 115 ग्राम पंचायतों के लिए राज्य स्तरीय योजना समिति से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहाकि इस परियोजना का संचालन होने से शुद्ध पेयजल की किल्लत नहीं रहेगी। साथ ही लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया होगा। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि जिले में जितने भी स्थानों पर पेयजल योजनाओं का काम चल रहा है, उनकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। वहां गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य करवाकर परियोजनाओं को पूरा कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराया जा सके।
अधिशासी अभियंता जलनिगम एसएम असजद ने बताया कि वर्तमान में स्वीकृत 89 परियोजनाओं में से 14 परियोजनाओं पर कार्य शुरू है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-6 अजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया, जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश, सहायक अभियंता जल निगम इंद्रजीत, सहायक अभियंता गणेश प्रसाद, अवर अभियंता विवेक सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।