जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना, सीएचसी, ब्लाॅक व तहसील सहित लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज व कई बैंक जमुनहा के स्थान पर मल्हीपुर के वीरगंज व पटना में ही स्थित हैं। यहीं ब्लाक व तहसील स्तरीय अधिकारियों के आवास व कार्यालय भी हैं। इसके बावजूद इसे अब तक ग्राम पंचायत का ही दर्जा मिला हुआ है। गांव स्तर पर भी यहां समुचित विकास नहीं हुआ है। नाला निर्माण न होने के कारण बाढ़ व बरसात के दिनों में काफी दिनों तक जलभराव की समस्या बनी रहती है।
बैरियर चौराहा से जमुनहा व लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाले मार्ग के मध्य स्थित इन अधिकांश कार्यालयों व आवासीय परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बरसात व बाढ़ की स्थिति में कई दिनों तक यहां कार्यालय व आवासीय परिसर में जलभराव की समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों की ओर से कई बार मार्ग के किनारे नाला निर्माण की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद बैरियर चौराहे से इंटर कॉलेज तक करीब पांच सौ मीटर नाला निर्माण नहीं कराया जा रहा है। स्थानीय निवासी प्रेम नारायण यादव, सुरेश चंद्र मिश्रा, मनीष यादव, मोहन मदेशिया, दिनेश कुमार, उमेश मिश्रा आदि ने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर नाला निर्माण कराने की मांग की है। संवाद