श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव में दिव्यांग वोटरो को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बूथ तक आने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। निर्वाचन आयोग ऐसे मतदाताओं को इस बार घर पर बैठकर ही वोट देने की सुविधा मुहैया कराएगा। इसके लिए चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद बीएलओ दिव्यांग वोटरों के घर जाकर इस बात की ताकीद करेगा कि उन्हें बूथ पर जाकर वोट देना है या घर बैठे अपने मताधिकार का प्रयोग करना है। इस सुविधा का लाभ दिलाने के लिए निर्वाचन कार्यालय ने जिले में 5906 दिव्यांग वोटरों को चिन्हित किया है।
मतदान के दौरान पोलिंग बूथों पर होने वाली भीड़ के कारण दिव्यांगों को अपना वोट डालने के लिए लंबी लाइन में लगने की परेशानी उठानी पड़ती थी। इस परेशानी से बचाने के लिए निर्वाचन आयोग ने होने वाले विधानसभा चुनाव में दिव्यांग वोटरों को घर बैठे ही मतदान करने की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए बीएलओ दिव्यांग वोटरों के घर पर जाकर उनसे मतदान का विकल्प पूछकर एक फार्म पर भरेगा। इसके आधार पर अगर वह घर बैठे वोट देने का विकल्प चुनेगा तो उसके लिए उसे मतदान दिवस पर पेपर बैलेट की व्यवस्था कर तय प्रोटोकाल के साथ मतदान की सुविधा मुहैया करायी जाएगी। इस परिवर्तन से जिले के 5906 नि:शक्तों वोटरों को सीधे तौर पर फायदा होगा। इसमें भिनगा विधानसभा क्षेत्र के 2824 वोटर व श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के 3082 मतदाता शामिल है। एडीएम कमलेश कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान पहली बार दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे ही मतदान की सुविधा मुहैया कराने की व्यवस्था करायी जा रही है।
एक बूथ पर अधिकतम 12 सौ वोटर
इस बार विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को बूथ तक पहुंचने के लिए घंटों लाइन में लगने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। आयोग ने मतदान के दिन बूथवार स्तर पर वोटरों की संख्या को 12 सौ तक सीमित कर दिया है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद जिन बूथों पर 12 सौ से अधिक वोटर चिह्नित हुए हैं, वहां पर बूथ की संख्या को और बढ़ाया जाएंगे। इसके साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने का आदेश भी दिया गया है। इसके तहत सभी मतदान स्थलों पर प्रोटोकाल की पूरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।