दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हुई थी मासूम की हत्या
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि, दो साल की मासूम की मिली थी लाश
फोटो - 06
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। गिलौली गांव निवासी दो वर्षीय मासूम बालिका रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उसकी लाश उसी रात गांव के ही एक अहाते में पड़ी मिली थी। मासूम के गाल पर काटने का निशान भी था। सोनवा पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था जिसकी रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जहां पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम गिलौली निवासी शख्स की दो वर्षीय पुत्री रविवार देर शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिवारीजनों द्वारा ग्रामीणों के साथ मिलकर मासूम की तलाश की गई तो घर से कुछ ही दूर पर स्थित अहाते में मासूम का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला था। उसके गाल पर काटने के निशान थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सोनवा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा था जिसकी रिपोर्ट में मासूम के साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। मामले में सोनवा पुलिस ने मासूम के बड़े पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बारे में पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य बताते हैं कि परिजनों द्वारा गांव के ही एक व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दी गई है। मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गईं हैं।