इकौना (श्रावस्ती)। नगर पंचायत लिपिक की तहरीर पर सभासद के खिलाफ इकौना थाने में एफआईआर दर्ज की गई। उन पर सरकारी कार्य में बाधा व सरकारी अभिलेखों को फाड़ने का आरोप लगा है। इस मामले में सभासद ने साजिशन एफआईआर दर्ज कराने का आरोप लगाया है।
नगर पंचायत इकौना में तैनात लिपिक ज्योत्सना श्रीवास्तव ने इकौना थाने में एक तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया था की नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 पटेल नगर के सभासद सुधीर पटवा 4 जुलाई को नगर पंचायत कार्यालय आये थे। वह बिना उच्च अधिकारियों के अनुमति के ही कर निर्धारण रजिस्टर, सहित डिमांड रजिस्टर, चेकबुक आदि अभिलेखों को दिखाने की जिद करने लगे। जिसे मना करने पर आरोपी द्वारा मेज पर रखे आगंतुक रजिस्टर को फाड़ दिया।
इसके साथ ही कार्यालय में बैठे कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस शिकायत पर इकौना पुलिस ने सभासद सुधीर पटवा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। इस संबंध में सभासद का कहना है कि उनके विरुद्ध साजिशन मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। नगर पंचायत कार्यालय में उनके द्वारा किसी से न तो गालीगलौज की गई है और न ही कोई अभिलेख को फाड़ा गया है। (संवाद)