श्रावस्ती। जमुनहा के गौरव इंटर कॉलेज मल्हीपुर में रविवार को अनुसूचित मोर्चा सम्मेलन आयोजित हुआ। जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बलहा विधायक व विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीन दयाल उपाध्याय तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ।
सम्मेलन में बलहा विधायक सरोज सोनकर ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की नीति पर काम करते हुए सभी जाति धर्म व समुदाय के लोगों को साथ लेकर चल रही है। अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए जितने कार्य व योजनाएं भाजपा सरकार में चलाई गईं उतनी किसी अन्य सरकार में नहीं। अन्य सरकारों व दलों ने अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ों को सिर्फ वोट बैंक ही समझा। जिनके नाम पर राजनीति करके सत्ता की मलाई काटते रहे।
पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि भाजपा सरकार शोषित, वंचित अनुसूचित समाज के समग्र विकास और उत्थान के लिए कार्य कर रही है। पूर्व सरकारों ने सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए विशेष वर्ग को लाभ पहुंचाया। महाकुंभ में प्रधानमंत्री मोदी ने कुंभ की व्यवस्थाओं में लगे सफाईकमियों के जब पांव पखारे तब अनुसूचित समाज जान गया कि अब देश मे ऐसा प्रधानमंत्री आया है जो इस शोषित वंचित समाज के लिए कार्य करेगा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने देश के सर्वोच्च पद पर राष्ट्रपति के लिए रामनाथ कोविंद को बैठाकर अनुसूचित जाति समाज को सबसे बड़ा सम्मान दिया। सम्मेलन को जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा, प्रवेश आर्य, आरती सोनकर, मंशाराम आर्य, मनोज पासवान, मनोज आर्य, संजय कैराती पटेल, शंकर दयाल पांडे, पुरुषोत्तम गुप्ता, मिश्रीलाल वर्मा, माधव राम वर्मा सहित जिले भर के पदाधिकारी व काफी संख्या में अनुसूचित समाज के लोग मौजूद रहे।