श्रावस्ती। आज सुबह सात बजे से निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रारंभ हो रहा है। यदि आप किसी प्रत्याशी के सगे संबंधी या समर्थक हैं तो सावधान। यदि आप बार-बार मतदेय स्थल पर जा रहे हैं अथवा अपने प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी मतदान करने या कराने की सोच रहे हैं, तो आपको जेल भी जाना पड़ सकता है। आप ने बैलेट पेपर व बॉक्स के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया तो आपको गोली भी मारी जा सकती है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला मजिस्ट्रेट नेहा प्रकाश की ओर से आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
निर्भीक होकर करें मतदान : एसपी
श्रावस्ती। आज हो रहे निकाय चुनाव में मतदाताओं से पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि मतदाता पर यदि कोई नाजायज मतदान का दबाव बनाता है अथवा फर्जी मतदान करवाता है, तो उसकी सूचना मतदान केंद्रों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को तत्काल दें। इतना ही नहीं यदि कोई प्रत्याशी अथवा उसका समर्थक मतदान करने से रोकता है तो इसकी सूचना क्षेत्र भ्रमण कर रहे जोनल / सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में लाएं। जिससे ऐसे अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सके। पुलिस की मोबाइल टीम मतदान केंद्रों का भ्रमण कर रही है, जो किसी भी अवांछनीय तत्वों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। ऐसे में मतदाताओं को किसी से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। संवाद