श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के अधिकांश गांवों में आज भी मोबाइल नेटवर्क की कनेक्टिविटी नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। सोशल मीडिया और संचार क्रांति के इस दौर में मोबाइल नेटवर्क के अभाव में शासन की ऑनलाइन योजनाओं और सुविधाओं का लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। 108 एंबुलेंस और 112 डायल की जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को नेटवर्क की तलाश में भटकना पड़ता है। क्षेत्र में निजी कंपनी का टॉवर होने से भी लोगों की बात नहीं हो पा रही है।
ब्लॉक मुख्यालय सिरसिया सहित क्षेत्र के बेचईपुरवा, चिल्हरिया मोड़, राजपुर मोड़, तालबघौड़ा, लक्ष्मनपुर बाजार, भीखपुर तराई, अमरहवा व परसिया राजा सहित क्षेत्र के अधिकांश गांवों में मोबाइल नेटवर्क चुनौती बना हुआ है। गांवों में रहने वाले हजारों लोग मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने से परेशान हैं। आधुनिकता के इस दौर में गांव-गांव मोबाइल नेटवर्क पहुंचाने के दावे यहां खोखले साबित हो रहे हैं। ग्राम पंचायतों में भी नेट की सुविधा नहीं होने से ऑनलाइन योजनाओं के लाभ से ग्रामीण वंचित हैं। सबसे खराब स्थित बीएसएनएल की है। इसके चलते थाना व पुलिस चौकी का सीयूजी नंबर भी काम नहीं करता है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन के समय अगर किसी को बहुत जरूरी बात करनी हो तो घर से बाहर सड़क पर जाना पड़ता है।
रात के समय कोई इमरजेंसी होने पर बात नहीं हो पा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाने में आती है। लोगों का कहना है कि अगर ऐसे हालात रहे तो डिजिटल इंडिया का सपना कैसे पूरा होगा। रूबी, आरिफ खान, दिलशाद अहमद, इरफान, पंकज व विजय कुमार आदि ने टीडीएम (टेलीफोन) व जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए नेटवर्क की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।