श्रावस्ती। सशस्त्र सीमा बल 62वीं वाहिनी भिनगा द्वारा नशा मुक्ति के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सीमावर्ती गांवों में जागरुकता रैली निकाली गई। इसमें शामिल बच्चों व एसएसबी के जवानों ने विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया।
सशस्त्र सीमा बल 62वीं वाहिनी भिनगा द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत रविवार को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र अंतर्गत सिरसिया विकास क्षेत्र के राबलपुर, बनकटी, भचकाही व धनुहा सहित अन्य गांव में रैली निकाली गई। इस दौरान 62वीं बटालियन भिनगा के एफ कंपनी गुज्जर गौरी के जवानों द्वारा बच्चों के साथ मिलकर आम लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान रघुवीर शर्मा ने कहा कि नशा परिवार को तोड़ता है।
नशा समाज को दूषित करता है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि समाज को नशा मुक्त करने के लिए अपने स्तर पर काम करें। सरकार सहायता कर रही है। नशा मुक्त समाज के निर्माण लिए हम सभी को आगे आना होगा। इस दौरान रैली में शामिल स्कूली बच्चों व एसएसबी के जवानों ने विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर अजय कुमार, भूषण कुमार, खद्दम हुसैन, राजकुमार, विशाल शर्मा व अजय चौधरी सहित एसएसबी के जवान व ग्रामीण मौजूद रहे।