श्रावस्ती। मंडलायुक्त ने बुधवार को इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज व प्राथमिक विद्यालय मदारा में बनाए गए पोलिंग बूथ का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चुनाव संबंधित तैयारियों को अंतिम रूप देने का संबंधित एसडीएम को निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में शिक्षणरत सभी छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण कराने को कहा।
देवीपाटन मंडल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव बुधवार को इकौना पहुंचे। उन्होंने इकौना के प्राथमिक विद्यालय मदारा व जगतजीत इंटर कॉलेज में मतदान के लिए बनाए गए पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। साथ ही सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन अधिकारी की मंशा के अनुसार सभी व्यवस्था सुनिश्चित करायें। उन्होंने सभी मतदेय स्थलों पर आने-जाने के लिए रास्ता, मतदेय स्थल की बाउंड्रीवाल, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, रैंप, शौचालय आदि सभी व्यवस्थाओं को पहले से ही दुरुस्त कराने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि मतदान के दिन दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को मतदान करने में कोई दिक्कत न होने पाए।
मतदेय स्थलों पर भ्रमण के दौरान जो भी कमी मिले उसे सूचीबद्ध कर समय रहते दुरुस्त करा दिया जाए। वहीं, जगतजीत इंटर कॉलेज में कोविड-19 से बचाव के लिए 15 से 18 वर्ष के छात्र-छात्राओं के चल रहे टीकाकरण का भी जायजा लिया। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि जगतजीत इंटर कॉलेज में 303 छात्र-छात्राओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इस दौरान उप सूचना निदेशक देवीपाटन मंडल डॉ. राजेन्द्र यादव, एसडीएम इकौना आरपी चौधरी, आयुक्त के विशेष कार्याधिकारी रक्षाराम वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।