तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा पुलिस ने स्वाट टीम के साथ शुक्रवार रात काला गांव स्थित बाग में जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर टीम ने काला गांव के उत्तर पूर्व दिशा में स्थित बाग में छापा मारा। जहां से टीम ने जुआ खेलते छह लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से पुलिस ने 17,240 रुपये नगदी, छह मोटर साइकिल व ताश की गड्डी बरामद की।
गिरफ्तार लोगों की पहचान थाना क्षेत्र के नासिरगंज निवासी शंकर, इमाम अली, रफी अहमद, नदीम, चंदनकोटिया निवासी वसीम व लक्ष्मनपुर नासिरगंज निवासी राम केवल के रूप में हुई। जिनके विरुद्ध सोनवा पुलिस ने जुआं अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नगदी व वाहन को सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है। टीम में प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र कुमार शर्मा, स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राम पाल यादव सहित अन्य शामिल रहे। (संवाद)