श्रावस्ती। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा कृषि विभाग के सहयोग से किसान बायोटेक हब योजना चलाई जा रही है। बुधवार को उपकृषि निदेशक द्वारा फल उत्पादन करने वाले किसानों को उनकी आय बढ़ाने के लिए फल प्रसंस्करण यंत्र प्रदान किए गए। उप कृषि निदेशक कमल कटियार ने कहा कि उत्पादित फलों को यदि प्रसंस्कृत कर लिया जाये तो बाइ प्रोडक्ट सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाकर अधिक आय अर्जित की जा सकती है।
आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रोद्यौगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र में चल रहे किसान बायोटेक हब योजना अंतर्गत कृषकों को यंत्र निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। प्रगतिशील किसान परसाडेहरिया निवासी रणवीर सिंह, लबेदपुर निवासी सीताराम कनौजिया, शाहपुर कठौतिया निवासी दिवाकर मिश्रा को केला चिप्स मेकर, फ्रूट क्रेशर तथा जैम जैली बनाने वाली मशीन, पैकिंग मशीन प्रदान किया गया। इस दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. आरपीएस रघुवंशी, वैज्ञानिक डॉ. एपीएस दोहरे, डॉ. उमेश बाबू व परियोजना सहायक धर्मवीर सिंह भी मौजूद रहे। (संवाद)