श्रावस्ती। मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन भिनगा के अधिवक्ता पर हुए कातिलाना हमले और भिनगा में दीवानी न्यायालय निर्माण व हस्तांतरण में हो रही देरी को लेकर मंगलवार को भिनगा तहसील स्थित अधिवक्ता सभागार में माडल बार के आमसभा की बैठक बुलाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता 11 अक्टूबर तक पूरी तरह से न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। साथ ही अगली रणनीति तय करने के लिए 11 अक्टूबर को आम सभा की बैठक आयोजित की जाएगी।
गौरतलब हो कि मॉडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन भिनगा के अधिवक्ता राजेश कुमार सोनकर पर घातक हमला हुआ था। इस प्रकरण पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। अधिवक्ता सोनकर के प्रत्यावेदन पर विगत मंगलवार को भी अधिवक्ताओं की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें निर्णय लिया गया था कि अधिवक्ताओं का सात सदस्यीय समिति गठित किया जाएगा। गठित समिति के अधिवक्ता जिलाधिकारी टीके शिबु व पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य से मिल कर उन्हें प्रकरण की जानकारी देंगे। साथ ही डीएम व एसपी से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करेंगे। इसी के क्रम में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से मुलाकात भी की। एसपी द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।
इससे नाराज अधिवक्ताओं ने मंगलवार को पुन: बैठक की, जिसकी अध्यक्षता माडल बार के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। बैठक का संचालन महामंत्री दिलीप कुमार तिवारी ने किया। बैठक में सर्व सम्मति से अधिवक्ताओं द्वारा यह निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता के हमलावरों की गिरफ्तारी होने व भिनगा दीवानी न्यायालय निर्माण व हस्तांतरण में हो रही देरी को लेकर अधिवक्ता 11 अक्टूबर तक पूरी तरह से न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस दौरान कार्रवाई न हुई तो 11 अक्टूबर को पुन: बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें अगली रणनीति तय की जाएगी। बैठक में अधिवक्ता वीरेश कुमार मिश्र, पवन कुमार मौर्य, स्कंद राव पांडेय, ओम प्रकाश आजाद, विमल पाठक, अरविंद कुमार मिश्र, अरविंद कुमार त्रिपाठी, ज्ञान प्रकाश वर्मा, बृजेश कुमार पाठक, महेंद्र कुमार वर्मा, मो. नसीम, सदानंद त्रिपाठी सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।