जमुनहा (श्रावस्ती)। लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज पटना वीरगंज में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की तरफ से एक ब्लाक स्तरीय ओपन ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में शाहरुख व संगीता ने अव्वल रहते हुए बाजी मारी।
कार्यक्रम की शुरुआत खंड विकास अधिकारी जमुनहा डा. जितेंद्र नाथ दुबे ने की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में सहयोग, सद्भावन, एकता एवं अनुशासन का विकास होता है। बच्चों की बहुमुखी विकास के लिए जहां कक्षाओं में पठन पाठन आवश्यक है वहीं संवेदनात्मक एवं कौशलात्मक विकास के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी बेहद जरूरी है।
इस दौरान आयोजित प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ में शाहरुख अहमद प्रथम, सौरभ मिश्रा द्वितीय व हसिदुल्लाह खान तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर की दौड़ में शाहरुख अहमद प्रथम, हसीदुल्ल्ला द्वितीय व वीरेंद्र कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में अरविन्द कुमार प्रथम, आवेश वर्मा द्वितीय, संकेत कुमार यादव तृतीय स्थान पर रहे। वहीं गोला फेक में अंशु सिंह प्रथम, राजेश सिंह द्वितीय व शेखर सिंह तृतीय स्थान पर रहे। जबकि बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में संगीता प्रथम, अंशिका यादव द्वितीय व काजल वर्मा तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में हसमुन्निशा प्रथम, निशा पांडे द्वितीय व केतकी पांडे तृतीय स्थान पर रही। गोला फेक में संगीता देवी प्रथम, केतकी द्वितीय व संजना शर्मा तृतीय स्थान पर रही। वहीं गोला फेक के एक अन्य प्रतियोगिता में हसमूननिशा प्रथम, अनीता वर्मा द्वितीय व लक्ष्मी देवी तृतीय स्थान पर रहीं। इस मौके पर युवा कल्याण अधिकारी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।