जमुनहा (श्रावस्ती)। नेपाल सीमा से सटे बाजार व बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में खुली दुकानें मिलावट खोरों के लिए मुफीद साबित हो रहे हैं। मिलावट खोरों द्वारा ब्रांडेंड कंपनियों के डिब्बे व रैपर का प्रयोग कर उसमें नकली व मिलावटी खाद्य तेल, रिफाइंड व वनस्पति तेल आदि भर कर बेच रहे हैं। ऐसा ही कुछ मंगलवार को भी मल्हीपुर थाना क्षेत्र के वीरगंज बाजार में देखने को मिला। जहां थाना क्षेत्र के वीरपुर लौकिहा निवासी शिवकुमार ने एक किराना स्टोर से 15 लीटर शुद्व घानी वनस्पति तेल 2100 रुपये में खरीदा। जिसे देखने पर उसे तेल की गुणवत्ता पर शंका हुई। दुकान पर ही उन्होंने जब तेल का डिब्बा पलटकर देखा तो डिब्बे पर डबल लेबल दिखाई पड़ा। साथ ही साथ डिब्बे पर पैकिंग तिथि व एक्सपायरी डेट भी अंकित नही थी
ऐसा ही वीरपुर लौकिहा निवासी राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा के साथ भी हुआ। वीरगंज बाजार में ही एक अन्य किराना स्टोर से खाद्य तेल खरीदा था। तेल में मिलावट की जब राजेन्द्र प्रसाद ने व्यापारी से शिकायत की तो व्यपारी ने तेल वापस करने से मना कर दिया। साथ ही ज्यादा शिकायत करने पर मारने की धमकी देते हुए दौड़ा लिया। दोनों पीड़ितों ने उपजिलाधिकारी जमुनहा प्रवेंद्र कुमार को प्रार्थना पत्र देकर प्रकरण में दुकानदारों पर कार्रवाई की मांग किया। शिकायत के बाद खाद्य निरीक्षक के साथ दुकान पर छापा मारने पहुंचे एसडीएम को देख दुकानदार अपनी अपनी दुकान बंद कर फरार हो गए। एसडीएम के कहने के बाद दोनों पीड़ितों ने मल्हीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।