तुलसीपुर (श्रावस्ती)। गिलौली गांव निवासी दो वर्षीय मासूम से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ था। पुलिस ने मासूम के ताऊ की तहरीर पर नामजद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी को सोनवा पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
सोनवा थाना क्षेत्र के गिलौली गांव निवासी दो वर्षीय मासूम रविवार देर शाम अपने चाचा के घर के सामने से खेलते समय गायब हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन की तो घर से कुछ दूर पर स्थित एक अहाते में बच्ची का शव बरामद हुआ था। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मासूम के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सोनवा पुलिस ने मासूम के ताऊ की तहरीर पर गांव के ही एक युवक के विरुद्ध दुष्कर्म व हत्या का मामला दर्ज किया था। घटना के बाद से ही आरोपी घर छोड़ कर फरार था। मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह थाना प्रभारी सोनवा सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नामजद आरोपी जगरूप पुत्र बृजा को पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेजा गया है। वहीं मामले मूें गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।