श्रावस्ती। कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र पाने के लिए अब कोई परेशानी नहीं होगी। इसे प्राप्त करने की प्रक्रिया को बेहद आसान व सुलभ बना दिया गया है। अब यह सर्टिफिकेट रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर सीधे व्हाट्सएप मैसेज भेजकर प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने व्हाट्सएप नंबर 9013151515 जारी किया है। जिस पर मैसेज भेजकर वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट ही नहीं बल्कि कोविड 19 से जुड़ी अन्य जानकारियां भी प्राप्त की जा सकेगी। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एपी भार्गव ने दी।
उन्होंने बताया कि कोविड टीकाकरण का प्रमाण पत्र बड़े काम की चीज है। यात्रा के दौरान भी इसकी मांग की जा सकती है। इसके अलावा यह सर्टिफिकेट देश के जिम्मेदार नागरिक होने का बोध भी कराता है इसलिए इस सुविधा का लाभ उठाएं और प्रमाण पत्र व्हाट्सएप पर मंगा सकते हैं। कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र अपने देश में एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने के साथ ही विदेश यात्रा पर जाने वालों से मांगा जा सकता है। इसलिए अगर आपने टीके की दोनों डोज ले ली है तो उसका सर्टिफिकेट अवश्य डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 से जुड़ी जानकारी व टीकाकरण प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9013151515 को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल में मायजीओवी नाम से सेव करना होगा। इसके बाद व्हाट्सएप पर जाकर इस नम्बर पर हाय का संदेश भेजने पर एक से लेकर आठ तक के आप्शन आएंगे कि आप इनमें से किस तरह की जानकारी चाहते हैं, जो जानकारी चाहिए उस नंबर को दर्ज करना होगा। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर वन टाइम पास वर्ड (ओटीपी) आएगा। पास वर्ड डालते ही मांगी गई जानकारी या कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र मोबाइल स्क्रीन पर होगा। एक मोबाइल नंबर से अगर एक से अधिक लोगों ने टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है तो उसकी भी सुविधा है कि आपसे पूछा जायेगा कि किसका सर्टिफिकेट चाहिए, उस व्यक्ति की केवल क्रम संख्या बतानी होगी।