श्रावस्ती। दिव्यांगों को जब कृत्रिम अंग मिला तो उनके हौसले बुलंद दिखाई दिए। यह सब भिनगा व इकौना में उस समय हुआ। जब सीडीओ ने एल्मिको के सहयोग से उन्हें उपकरण सौंपा। उपकरण पाकर सभी दिव्यांगों के चेहरों पर खुशी थी। दोनों स्थानों पर 606 दिव्यांगों को अलग-अलग तरह के उपकरण दिए गए। शरीर की दिव्यांगता हौसलों में बाधक नहीं बनती। यह कई मौकों पर दिव्यांगों ने सिद्ध किया है। लेकिन यदि उनको सहायक उपकरण मिल जाए तो उनके हौसले लंबी उड़ान भरने लगते हैं।
ऐसा ही कुछ बृहस्पतिवार को भिनगा स्थित जूनियर हाईस्कूल मैदान में देखने को मिला। यहां सर्व शिक्षा अभियान, एल्मिको कानपुर के सहयोग से दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण बांटने के लिए कैंप का आयोजन किया था। इस कैंप में सीडीओ ईशान प्रताप सिंह ने 28 व्हील चेयर, 26 ट्राईसाइकिल, 14 ब्रेल किट, 36 बैशाखी, 24 सीपी चेयर, 41 रोलेटर, 16 ब्रेेल स्लेट, 102 हियरिंगएड जब बच्चों को दिया तो उनके चेहरे की खुशी देखी जा सकती थी। ट्राईसाइकिल पाते ही दिव्यांग बच्चे मैदान में ऐसे घूमने का प्रयास कर रहे थे जैसे आज ही वह सब कमी पूरी कर लेना चाहते हैं, जो उन्होंने वर्षों से न की हो।
इसी प्रकार इकौना श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने 48 व्हील चेयर, 64 ट्राईसाइकिल, 14 ब्रेल किट, 56 बैशाखी, 8 सीपी चेयर, 14 रोलेटर, 24 एमआर किट, 91 हियरिंगएड बच्चों को वितरित किया। इस मौके पर भिनगा में सीडीओ ने कहा कि दिव्यांगता निश्चित ही कष्टदायी है, लेकिन वह हौसलों को परास्त नहीं कर सकती।
वहीं उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान व एल्मिको से जुड़े अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कैंप ज्यादा से ज्यादा लगने चाहिए। जिससे उनको सहायक उपरण मिल सके। ताकि उनको कम कठिनाइयों के साथ आगे बढ़ने का मौका मिल सके। इस मौके पर जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि भिनगा में अभी तक 287 व इकौना में 319 कुल 606 दिव्यांग बच्चों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण एलिम्को के सहयोग से दिए जा चुके हैं।इस तरह के कैंप सभी विकास खंडों मे आयोजित होते हैं। पहले इन बच्चों का मेजरमेंट किया जाता है, बाद में उपकरण का वितरण होता है। भिनगा में आयोजित कैंप के दौरान एसडीएम भिनगा प्रवेंद्र कुमार, खंड शिक्षाधिकारी अखिलेश यादव, एलिम्को के विशेषज्ञ नीरज कुमार, सचिन सक्सेना, हसनैन, मनोज कुमार, कृष्णमणि पांडे, प्रदीप कुमार, सत्यप्रकाश, उमाशंकर, प्रतिभा सिंह, सुजीत सिंह, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।