थानाभवन। नौजली गांव के जंगल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव नौजली निवासी संजीव पुत्र ब्रह्म सिंह उम्र 33 वर्ष रविवार शाम को खेत के काम की बात कहकर घर से गया था। इसके बाद संजीव रातभर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने सोमवार को सुबह गांव व आसपास संजीव की तलाश की। सुबह दस बजे किसानों को गांव के ही किसान के खेत में युवक का शव पड़ा मिला। शव की पहचान संजीव के रूप में की। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। गले पर निशान होने के कारण परिजनों ने संजीव की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही स्थिति सामने आएगी।
लापता किशोर का शव तालाब में मिला
कैराना। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तितरवाड़ा और डुढार के बीच तालाब में किशोर का शव पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर कांधला क्षेत्र के गंगेरू निवासी साजिद व उसके परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस की सहायता से शव को बाहर निकाला। साजिद ने शव की पहचान अपने 17 वर्षीय बेटे शोएब उर्फ मानू के रूप में की। साजिद ने बताया कि उसका बेटा शोएब मनोरोगी था और गांव में इधर-उधर ही घूमता रहता था। रविवार शाम से उसके बेटे का पता नहीं चल रहा था। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।