संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कलक्ट्रेट में एक दुकान पर शीतल पेय की बोतल में कचरा निकला है। लोगों ने इस मामले की डीएम जसजीत कौर से शिकायत की। डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एजेंसी पर पहुंचकर शीतल पेय का नमूना लिया।
कलक्ट्रेट में कुछ लोग बुधवार को एक दुकान से शीतल पेय की बोतल लेकर पी रहे थे। उसी समय एक बोतल में कचरा पाया जाने पर उन्होंने दुकानदार से आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। लोगों ने दुकानदार से एजेंसी संचालक के बारे में जानकारी मांगी तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद इस मामले की शिकायत डीएम जसजीत कौर से की। डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर एजेंसी के बारे में जानकारी ली और शीतल पेय की बोतल कब्जे में ले ली। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज तोमर ने बताया कि खाद्य निरीक्षक नरेश कुमार, प्रंजन कुमार और सुनील कुमार ने शहर के धीमानपुरा स्थित विकास की शीतल पेय एजेंसी पहुंचकर जांच की। जिस बोतल में कचरा निकला था, उसी बैच की बोतल के शीतल पेय का नमूना लिया है। उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।