विजयदशमी आज, जिले में आठ स्थानों पर होगा पुतला दहन
शामली। असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयदशमी शुक्रवार को मनाया जाएगा। जिले में आठ स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। शहर के हनुमान धाम में सांकेतिक पुतला दहन किया जाएगा। मेले का आयोजन नहीं होगा। इसके अलावा शहर और देहात क्षेत्रों में लोगों ने छोटे पुतले दहन के लिए तैयार किए हैं। पुलिस-प्रशासन ने विजयदशमी पर्व की तैयारियां पूरी कर कर ली हैं। पुतला दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।
जलालाबाद कस्बा स्थित दशहरा मैदान में और थानाभवन कस्बे व हसनपुर लुहारी गांव में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। थानाभवन में कारीगर पुतले तैयार किए गए हैं। इसके अलावा बाबरी और कैडी में भी पुतला दहन किया जाएगा। कांधला में कैराना रोड स्थित मंडप पंचवटी में करीब 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। बागपत के कारीगरों ने पुतले का निर्माण किया है। इस बार कुंभकर्ण और रावण के पुतलों का निर्माण नहीं कराया गया है। कस्बे में पंजाबी धर्मशाला में भी रामलीला का मंचन हो रहा है, लेकिन पुतला दहन नहीं होगा।
कैराना में गोशाला भवन में दशहरा पर्व मनाया जाएगा। यहां रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण के पुतले तैयार कर दिए गए हैं। गढ़ीपुख्ता की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष नीरज जैन ने बताया कि रामलीला का मंचन किया जा रहा है। लेकिन पुतला दहन नहीं किया जाता है। हनुमान धाम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सलिल द्विवेदी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार रामलीला का मंचन नहीं किया गया। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी दशहरा मेले का आयोजन नहीं होगा। इस बार भी सांकेतिक पुतला दहन होगा और दशहरे के दिन ही छोटे पुतले तैयार कराए जाएंगे।
वर्जन :
विजयदशमी पर्व को लेकर सीओ और थाना प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुतला दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। लोगों से अधिक भीड़ एकत्र न करने और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील भी शांति समिति की बैठकों में की गई थी। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुकीर्ति माधव, पुलिस अधीक्षक।