जिला अस्पताल में वैक्सीन खत्म होने पर किया हंगामा
शामली। कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए मंगलवार को बूथों पर लोगों की भारी भीड़ रही। जिला अस्पताल में वैक्सीन खत्म होने पर महिलाओं ने हंगामा किया। अस्पताल के कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें समझाबुझाकर उन्हें शांत किया। जिले में 31 बूथों पर टीकाकरण किया गया। जिले में 6552 लोगों को टीके लगाए गए।
जिला अस्पताल में करीब 3.30 बजे वैक्सीन खत्म हो गई। मोहल्ला बरखंडी निवासी रूबी व सुनीता आदि महिलाओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। उनका कहना था कि वह काफी देर से कतार में लगी थी। पंजीकरण के बाद भी उनका टीकाकरण नहीं हुआ। स्टाफ ने समझा-बुझाकर शांत किया और बुधवार को टीकाकरण का आश्वासन दिया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि मंगलवार को 31 बूथों पर 4950 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। लाभार्थियों को बूथों पर ही रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई। लगभग सभी बूथों पर टीका लगवाने वालों की भीड़ लगी रही और कतार में खड़े होकर उन्हें टीका लगवाने के लिए इंतजार करना पड़ा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया 18 वर्ष से ऊपर के लोगों के 4950 के लक्ष्य के सापेक्ष 6552 लोगों को टीके लगे हैं, जिनमें 5457 को पहली डोज व 1095 लोगों को दूसरी डोज के टीके लगे हैं। वैक्सीन की 645 वॉयल खर्च हुई है। डॉ. आरके सागर ने बताया कि जिला अस्पताल में वैक्सीन खत्म होने की सूचना नहीं मिली। यदि वैक्सीन खत्म हो भी जाती है तो सीएचसी से भिजवा दी जाती है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बुलानी पड़ी पुलिस
चौसाना। गढ़ी हसनपुर में कोरोनारोधी वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कैंप का आयोजन किया था। जिसमें प्री बुकिंग के अंतर्गत कुल 150 लोगों को टीकाकरण होना था, लेकिन वहां अधिक लोगों के पहुंचने पर भीड़ अनियंत्रित हो गई, जिस पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देनी पड़ी। कंट्रोल रूम पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सकी। उसके बाद महिला पुलिसकर्मी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल द्वारा व्यवस्था बनाई गई, जिसके बाद वैक्सीन का टीकाकरण हो सका।
मंगलवार की सुबह से ही गढी हसनपुर व पांथूपुरा में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई। करीब ग्यारह बजे भीड़ अनियंत्रित हो गई। व्यवस्था बिगड़ती देख पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देनी पड़ी। जिसके बाद 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की लाइन लगवाई गई। चौकी प्रभारी का कहना है कि कुछ लोगों ने व्यवस्था खराब कर रखी थी, सिपाहियों को तैनात करके टीकाकरण कराया गया।
झिंझाना सीएचसी में 410 का टीकाकरण
झिंझाना। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को 410 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। ब्लॉक ऊन के चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नवजीत सिंह बेदी ने बताया कि टीका रहित लोगों की संख्या अधिक देखते हुए वहां पर आज भी टीकाकरण कराया गया। झिंझाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दो टीमों ने काम किया। जिसमें 379 लोगों को पहली डोज और 31 लोगों को दूसरी डोज लगी। कुल 410 लोगों को टीका लगाया गया । इस टीकाकरण में आज भी अच्छी खासी भीड़ रही।
शामली जिला अस्पताल में वैक्सीन खतम होने पर हंगामा करती महिलाएं- फोटो : SHAMLI
शामली जिला अस्पताल में वैक्सीन खतम होने पर हंगामा करती महिलाएं- फोटो : SHAMLI
शामली जिला अस्पताल में टीका लगवाती महिला- फोटो : SHAMLI