गांव आदमपुर में ई रिक्शा चालक की मौत के बाद लोगों की भीड़। संवाद
शामली/बाबरी। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में बनत तहसील चौराहे के निकट कार की टक्कर लगने से घायल ई रिक्शा चालक सुशील कश्यप (40) की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा करते हुए पुलिस प्रशासन से मुआवजा, सरकारी नौकरी देने और आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग की। चेतावनी दी कि जब तक मांगे पूरी नहीं होगी तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी सुशील अपनी ई रिक्शा में रविवार को मुजफ्फरनगर से अपने गांव आ रहे थे। ई रिक्शा में उनकी पत्नी बेबी, तीन पुत्री काव्या, अक्षी व दिव्या, सास कांति, सविता व ईशु बैठे थे। बनत तहसील के पास कार ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने पर ई रिक्शा सड़क किनारे खेत में पलट गई थी और उसमें सवार सभी लोग घायल हुए थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से सुशील को मेरठ रेफर कर दिया था। सोमवार को मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान सुशील की मौत हो गई। मृतक के भाई सुनील की तरफ से कार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
मेरठ में पोस्टमार्टम के बाद शव शाम चार बजे गांव में लेकर परिजन पहुंचे। परिजनों ने मृतक की पत्नी को नौकरी देने और 50 लाख रुपये मुआवजा और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार करते हुए हंगामा किया। सीओ थानाभवन श्यामसिंह, बाबरी व आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। शाम को एसडीएम सदर निधि भारद्वाज पहुंचे और पीड़ित परिजनों से वार्ता कर हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर परिजन मान गए और देर शाम शव का अंतिम संस्कार किया गया।