कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सल्फा में मेड़ काटने के विरोध पर चाचा ने भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिये शामली रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सल्फा निवासी सूरज का अपने चाचा सुनील के साथ खेत की मेड़ को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि मंगलवार को सुनील ने सूरज के खेत की मेड़ को काट दिया। सूरज व उसके परिजनों के द्वारा मौके पर जाकर चाचा सुनील का विरोध किया गया। आरोप है कि विरोध से नाराज चाचा ने घर पहुंच कर अभद्रता व गाली गलौज करते हुए बलकटी से हमला कर सूरज को गंभीर रूप से घायल कर दिया और हत्या की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल का उपचार के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टर ने घायल की चिंताजनक हालत को देखते हुए उपचार के लिये रेफर कर दिया है। वहीं पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।