कांधला/कैराना। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण टीम ने बुधवार को नगर में कई स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान अनाधिकृत निर्माणों को सील करते हुए नोटिस चस्पा कर दिए। प्राधिकरण की टीम ने नगर में हो रहे अनाधिकृत निर्माणों को चयनित कर बड़े स्तर पर कार्रवाई करने के भी संकेत दिए हैं। उधर, कैराना में टीम ने अनाधिकृत रूप से बनाई गई 10 दुकानों को सील कर दिया।
बुधवार को जनपद मुजफ्फरनगर के विकास प्राधिकरण क्षेत्र कांधला, कैराना सक्षम अधिकारी सुनील गुप्ता, अवनीश कुमार व अवर अभियंता जयकरण सिंह टीम के साथ कस्बे में हो रहे अनाधिकृत निर्माण की सूचना पर कार्रवाई करने के लिए पहुंची थी। टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक से कार्रवाई के दौरान पुलिस बल दिए जाने की मांग की। इसके बाद पुलिस बल को साथ लेकर चिह्नित किए गए अनाधिकृत निर्माणों स्थलों पर पहुंची। टीम ने संदीप, पप्पू सहित आदि के छह अनाधिकृत भवनों को सील कर नोटिस चस्पा कर दिए।
टीम प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि उक्त भवनों का निर्माण करने वाले मालिकों के द्वारा विकास प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर निर्माण नहीं कराया था। जिसके चलते विकास प्राधिकरण ने भवनों को अनाधिकृत रूप से निर्माण किए जाने पर कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। विकास प्राधिकरण की टीम ने कस्बे के कई अन्य और निर्माणों को भी चिह्नित कर कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।
उधर, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अधिकारी अवनीश कुमार ने अपनी टीम के साथ कैराना कस्बे में कांधला रोड व पानीपत रोड पर छापामारा। टीम ने कांधला रोड पर बिना नक्शा पास कराए बनाई गई दो दुकानों को सील कर दिया। इसके बाद टीम ने पानीपत रोड पर भी बिना नक्शा पास कराए बनाई गई आठ दुकानों को सील कर दिया।